नई दिल्ली: दुबई की व्यस्त सड़कों पर जब लोग तेज रफ्तार गाड़ियों के आदी हों, वहां साड़ी पहनकर साइकिल चलाती और दौड़ती एक भारतीय महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.
यह महिला हैं कंचना नायर, जो सबाह अल अरब रियल एस्टेट LLC की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. उन्होंने दुबई राइड 2026 और दुबई रन में हिस्सा लिया और दोनों मौकों पर अपनी भारतीय पहचान को खास अंदाज में सामने रखा.
दुबई राइड 2026 के दौरान कंचना नायर साड़ी पहनकर साइकिल चलाती नजर आईं. उन्होंने Sheikh Zayed Road पर साइकिलिंग का वीडियो शेयर किया.अपने पोस्ट में उन्होंने बताया कि जिस सड़क पर आमतौर पर करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ियां चलती हैं, उसी सड़क पर उन्हें साइकिल चलाने का मौका मिला.
उन्होंने इसे केरला पिरावी से भी जोड़ा और बताया कि 1 नवंबर को उन्होंने मलयाली महिला की भावना और अपनी जड़ों को सेलिब्रेट करने के लिए साड़ी पहनी थी. कंचना नायर ने इसके बाद दुबई रन में भी हिस्सा लिया. इस दौरान वह साड़ी और पारंपरिक ज्वेलरी पहने नजर आईं.उन्होंने UAE को अपना 'दूसरा घर' बताते हुए यह रन देश को समर्पित किया. उनका कहना था कि UAE ने उन्हें कई अवसर, ताकत और यादें दी हैं और रन का हर कदम उसी के प्रति आभार जताने का एक तरीका था.
कंचना नायर के दोनों वीडियो में एक खास बात नजर आती है. वह UAE में रहते हुए अपनी भारतीय और खास तौर पर मलयाली पहचान को खुलकर सेलिब्रेट करती दिखाई देती हैं. एक तरफ साड़ी और पारंपरिक ज्वेलरी उनकी भारतीय जड़ों को दिखाती है, तो दूसरी तरफ दुबई की प्रमुख सड़कों पर फिटनेस इवेंट में उनकी भागीदारी UAE के साथ उनके जुड़ाव को सामने लाती है. यही अनोखा कॉम्बिनेशन इस वीडियो को सोशल मीडिया पर दिलचस्प बना रहा है.
Tags: