नई दिल्ली: जापान में रविवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. राजधानी टोक्यो समेत पूर्वी जापान के कई इलाकों में आए इस भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 मापी गई है. अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण 23 लोग घायल हुए हैं, हालांकि इनमें से ज्यादातर को मामूली चोटें आई हैं. भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में था और इसकी गहराई करीब 70 किलोमीटर थी. यह इलाका लगातार भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है. वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.8 दर्ज की है. भूकंप के झटके टोक्यो क्षेत्र में भी महसूस किए गए. फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.

अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण क्षेत्र के चार प्रांतों में कुल 23 लोग घायल हुए हैं. इनमें सैतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ है. ज्यादातर लोगों को उस समय चोट लगी, जब वे सो रहे थे और अचानक आए भूकंप के झटकों से घबराकर उठ गए. अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग हड़बड़ी में बिस्तर से उठते समय गिर गए, जबकि कुछ फर्नीचर या दरवाजों से टकराकर घायल हुए.
जापानी अखबार योमिउरी के मुताबिक, कानागावा प्रांत के योकोहामा में 80 साल से अधिक उम्र की एक महिला भूकंप के दौरान अपने बिस्तर से गिर गई. हादसे में उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई है.
Tags: