Dubai दुबई: दुबई मरीना में 67 मंजिला रिहायशी गगनचुंबी इमारत मरीना पिनेकल (जिसे टाइगर टॉवर के नाम से भी जाना जाता है) में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। इस भीषण हादसे से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि, दुबई सिविल डिफेंस की त्वरित कार्रवाई और बड़ी कुशलता के चलते इमारत में रहने वाले 3820 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें आग की लपटें और बचाव कार्य की हलचल साफ दिखाई दे रही है।
आग शनिवार सुबह लगी, जिसने कुछ ही देर में इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। 764 अपार्टमेंट वाली इस इमारत में रहने वाले लोग गहरी नींद में थे, तभी आग ने भयानक रूप ले लिया। दुबई सिविल डिफेंस की विशेष अग्निशमन और बचाव इकाइयों ने बिना किसी देरी के मोर्चा संभाला। उन्होंने पालतू जानवरों समेत निवासियों को सीढ़ियों और लिफ्ट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस भीषण हादसे में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है, जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। कुछ निवासियों ने चिंता जताई है कि इमारत में अलार्म सिस्टम काम नहीं कर रहा था, जिसकी वजह से शायद शुरुआती चेतावनी में देरी हुई। दुबई प्रशासन ने आग लगने के सही कारण का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।