नई दिल्ली: Xiaomi ने नया Mijia Air Purifier 6C लॉन्च किया है। यह छोटा और मिड साइज कमरों के लिए बनाया गया है और इसमें 68 वर्ग मीटर तक के क्षेत्र को साफ करने की क्षमता दी गई है। एयर प्यूरिफायर में 603 m³/h का CADR और 9,500 लीटर प्रति मिनट की फ्रेश हवा देने की क्षमता है। इसमें 6-स्टेज फिल्टर सिस्टम दिया गया है, जिसमें धूल-मिट्टी और बालों के लिए प्री-फिल्टर से लेकर फॉर्मल्डिहाइड हटाने वाला फिल्टर, कार्बन लेयर और
UV स्टेरलाइजेशन शामिल
है। कंपनी ने इसमें फॉर्मल्डिहाइड की रियल-टाइम निगरानी के लिए गोल LCD डिस्प्ले भी दिया है।
Mijia Air Purifier 6C में फॉर्मल्डिहाइड हटाने के लिए खास फिल्टर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, इसका फॉर्मल्डिहाइड CADR 381 m³/h है और यह दो घंटे में 99 प्रतिशत तक फॉर्मल्डिहाइड हटाने का दावा करता है। इसमें अमोनिया-रिएक्शन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो फॉर्मल्डिहाइड के अणुओं को तोड़ने और बदबू को दोबारा हवा में आने से रोकने में मदद करती है।
नए Xiaomi एयर प्यूरिफायर में 6 लेयर वाला फिल्टर सिस्टम दिया गया है। इसमें बड़े कणों और बालों के लिए प्री-फिल्टर, एंटी-बैक्टीरियल लेयर, फॉर्मल्डिहाइड हटाने वाला फिल्टर, बारीक कणों को रोकने वाला नैनो-लेवल फिल्टर, बदबू और TVOC के लिए कार्बन लेयर और UV स्टेरलाइजेशन लेयर शामिल है। कंपनी के मुताबिक, यह PM2.5 को 99.99 प्रतिशत तक और Cedar Pollen, Dust Mites, Cat Dander और Dog Dander जैसे एलर्जेंस को भी काफी हद तक फिल्टर कर सकता है।
Mijia Air Purifier 6C में गोल LCD स्क्रीन दी गई है, जिस पर फॉर्मल्डिहाइड का लेवल रियल-टाइम में देखा जा सकता है। स्क्रीन पर इसका बदलाव ग्राफ के रूप में भी दिखता है। इसके अलावा यह PM2.5, कमरे का तापमान और नमी की जानकारी भी दिखाता है। रात में इस्तेमाल के लिए इसमें Sleep Mode दिया गया है, जिसमें आवाज 30.4dB(A) तक कम हो सकती है।
एयर प्यूरिफायर को Xiaomi के Mi Home ऐप से कंट्रोल किया जा सकता है। इसमें Xiaomi Surge Smart Connect का सपोर्ट मिलता है और Xiao Ai वॉयस कमांड के जरिए भी इसे चलाया जा सकता है। इसका फिल्टर 6 से 12 महीने तक चलने का दावा किया गया है। कंपनी के मुताबिक, फिल्टर बदलने की कीमत 199 Yuan, यानी भारतीय मुद्रा में 2,800 रुपये है और इसे चलाने का खर्च करीब 0.55 Yuan प्रतिदिन है। कुछ हिस्सों को धोकर दोबारा इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
Xiaomi Mijia Air Purifier 6C price
Xiaomi Mijia Air Purifier 6C की चीन में कीमत 1,099 Yuan यानी करीब ₹15,700 रखी गई है। कंपनी ने इसकी प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। फिलहाल इसके भारत में लॉन्च को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, समय के साथ कंपनी भारत में अपने नए एयर प्यूरीफायर लॉन्च करती आई है, तो आने वाले समय में इंडिया लॉन्च की संभावना बनी रह सकती है।
Tags: