नई दिल्ली: स्मार्टफोन में बड़ी बैटरी देने की होड़ लगातार बढ़ रही है। अब Vivo भी इस मामले में नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहा है। एक नए लीक के मुताबिक, कंपनी 12,000mAh कैटेगरी की स्मार्टफोन बैटरी को मास प्रोडक्शन तक पहुंचा चुकी है। इस बैटरी की रेटेड कैपेसिटी 11,970mAh बताई गई है। इतना ही नहीं, कंपनी इससे भी बड़ी बैटरी पर काम कर रही है, जिसे आने वाले समय में बड़ी स्क्रीन वाले स्मार्टफोन में इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि Vivo का कौन-सा फोन इतनी बड़ी बैटरी के साथ लॉन्च होगा।
मशहूर टिप्स्टर Digital Chat Station (चीनी भाषा से अनुवादित नाम) ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर Vivo की नई बैटरी टेक्नोलॉजी को लेकर जानकारी शेयर की है। टिप्स्टर ने सीधे तौर पर कंपनी का नाम नहीं बताया, लेकिन 'Blue Manufacturer' के संकेत से इसे Vivo से जोड़कर देखा जा रहा है। लीक के मुताबिक, कंपनी की सबसे बड़ी मास प्रोडक्शन बैटरी की रेटेड कैपेसिटी 11,970mAh है। इसे करीब 12,000mAh कैटेगरी में रखा जा सकता है। इससे पहले फरवरी में भी टिप्स्टर ने Vivo के एक ऐसे स्मार्टफोन की जानकारी दी थी, जिसमें 11,000mAh से 12,000mAh तक की टिपिकल कैपेसिटी वाली बैटरी टेस्ट की जा रही थी।
लीक में एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। Vivo इससे भी ज्यादा कैपेसिटी वाली बैटरी पर काम कर रहा है। इसे कंपनी के एक अपकमिंग बड़े स्क्रीन वाले स्मार्टफोन में दिया जा सकता है। हालांकि, टिप्स्टर ने अभी इसकी कैपेसिटी, फोन के नाम या लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि कंपनी का कौन-सा स्मार्टफोन सबसे पहले इस बैटरी के साथ आएगा।
लीक में Vivo के आने वाले फोल्डेबल फोन और iQOO के एक अपकमिंग स्मार्टफोन को लेकर भी जानकारी दी गई है। टिप्स्टर के मुताबिक, Vivo अगले साल नया फोल्डेबल फोन ला सकता है। कंपनी इसके डिजाइन को लेकर बड़े फोल्डेबल और वाइड डिजाइन के बीच ऑप्शन पर विचार कर रही है। वहीं, iQOO एक 7-इंच डिस्प्ले वाला मिड-रेंज स्मार्टफोन तैयार कर रहा है, जिसमें 10,000mAh से बड़ी बैटरी मिल सकती है। यह फोन चीन में 2027 के मिड तक पेश किया जा सकता है।