मुंबई: जर्मन कार बनाने वाली कंपनी फॉक्सवैगन ने लागत कम करने की एक बड़ी योजना के तहत इस दशक के आखिर तक 1 लाख नौकरियां खत्म करने का ऐलान किया है। यह ग्लोबल ऑटो इंडस्ट्री में अब तक का सबसे बड़ा रीस्ट्रक्चरिंग (पुनर्गठन) कदम है।
जर्मन कार कंपनी ने पहले से तय 50,000 नौकरियों की कटौती के अलावा लगभग 50,000 और पद कम करने की घोषणा की है। यह ग्रुप की कुल वर्कफोर्स का लगभग 15 प्रतिशत है।
कंपनी ने फॉक्सवैगन ग्रुप (जिसमें बेंटले और ऑडी ब्रांड शामिल हैं) द्वारा बनाए जाने वाले कार मॉडलों की संख्या को आधा करने का फैसला किया है। साथ ही, अगले आठ सालों में जर्मनी में चार प्रोडक्शन प्लांट बंद करने पर भी विचार कर रही है।
फॉक्सवैगन ग्रुप ने एक बयान में कहा, "ऑटोमोटिव इंडस्ट्री में बढ़ती ग्लोबल कॉम्पिटिशन, बदलती मांग और टेक्नोलॉजी में बदलाव को देखते हुए, वर्कफोर्स की क्षमता को आर्थिक हकीकत के साथ तालमेल बिठाना ज़रूरी है।"
फॉक्सवैगन स्कोडा, सीट, पोर्श, कप्रा और लेम्बोर्गिनी जैसे ब्रांडों में कुल मिलाकर 6.5 लाख से ज़्यादा लोगों को रोजगार देती है।
ग्रुप की योजना 2035 तक अपने मॉडल पोर्टफोलियो को लगभग 50 प्रतिशत तक कम करने और अपनी पेशकश की जटिलता को लगभग 75 प्रतिशत तक कम करने की है।
बयान में कहा गया, "प्राथमिकता वाले मॉडलों का मकसद डिज़ाइन और टेक्नोलॉजी में बेहतर प्रदर्शन करना है - और कम वेरिएंट पर फोकस करने से फायदा उठाना है: हर मॉडल की ज़्यादा बिक्री, कम लागत और बड़े पैमाने पर उत्पादन का फायदा (economies of scale)।"
इसमें आगे कहा गया कि फॉक्सवैगन ग्रुप पश्चिमी और पूर्वी दोनों गोलार्द्धों (हेमिस्फियर) की ज़रूरतों के हिसाब से अपने प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रॉनिक आर्किटेक्चर, ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम और सॉफ्टवेयर को व्यवस्थित रूप से तैयार कर रहा है।
बयान के अनुसार, नॉर्थ अमेरिका में फॉक्सवैगन ग्रुप सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा देने वाले सेगमेंट पर फोकस करेगा। चीन में, ग्रुप चीनी ऑटोमोटिव मार्केट में कुल ग्रोथ की बदली हुई उम्मीदों के हिसाब से खुद को ढाल रहा है और "ग्लोबल साउथ" की ओर अपने एक्सपोर्ट बिज़नेस का विस्तार कर रहा है।
कंपनी ने कहा कि शेयरहोल्डिंग और बिज़नेस के पोर्टफोलियो का सख्ती से मूल्यांकन किया जाएगा और उन्हें लगभग एक-तिहाई तक कम किया जाएगा, ताकि केवल उन्हीं को रखा जा सके जिनका मुख्य बिज़नेस में स्पष्ट रणनीतिक और वित्तीय योगदान हो।
कंपनी ने कहा, "गैर-रणनीतिक गतिविधियों को बेचा जाएगा या उन्हें नए सिरे से व्यवस्थित किया जाएगा। रियल एस्टेट पोर्टफोलियो की भी समीक्षा की जाएगी। मकसद एक लीनर (कम बोझ वाला) स्ट्रक्चर बनाना और पूंजी का ज़्यादा असरदार इस्तेमाल करना है।"