नरे दिल्ली: Vivo जल्द ही नया सस्ता फोन मार्केट में लॉन्च कर सकती है जो कि Vivo Y सीरीज का मॉडल बताया जा रहा है। कंपनी कथित तौर पर Vivo Y32 को मार्केट में लाने की तैयारी में है। इससे पहले इस सीरीज में कंपनी ने Vivo Y31 को लॉन्च किया था जो कि आज से पांच साल पहले भारत में आया था। उस वक्त फोन का 6GB रैम, 128GB स्टोरेज वेरिएंट 16,490 रुपये में लॉन्च किया गया था। यानी बजट में धांसू स्पेसिफिकेशंस एक बार फिर से कंपनी कथित अपकमिंग Vivo फोन Vivo Y32 में दे सकती है। आइए जानते हैं इस फोन के बारे में अभी तक क्या जानकारी निकल कर आई है।
Vivo का कथित बजट फोन Vivo Y32 जल्द ही मार्केट में दस्तक दे सकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टिप्स्टर Anvin ने खुलासा किया है कि कंपनी का नया फोन मॉडल नम्बर V2638 के साथ नजर आया है। फोन को SIRIM सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है जो कि मलेशिया का सर्टिफिकेशन है।
Vivo Y32 का मलेशियन रेगुलेटरी अथॉरिटी से गुजरना इस बात का संकेत है कि फोन जल्द ही एशियन मार्केट में दस्तक दे सकता है। खासतौर पर साउथ-ईस्ट एशिया के देशों में कंपनी इसे पहले लॉन्च करती दिख रही है। Vivo Y32 के किसी स्पेसिफिकेशंस का खुलासा यहां नहीं किया गया है।
Vivo Y31 फोन (16,490 रुपये में) में 6.58 इंच का फुल एचडी+ (1,080x2,408 पिक्सल) IPS डिस्प्ले मिलता है। फोन ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 662 प्रोसेसर से लैस है, जिसके साथ 6 जीबी रैम मिलती है। फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें f/1.79 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, f/2.4 अपर्चर वाला 2-मेगापिक्सल का बोकेह लेंस और f/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का तीसरा कैमरा शामिल है। इसके अलावा फोन में EIS और सुपर नाइट मोड आदि सपोर्ट भी मिलता है। सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में f/2.0 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा है। फोन में 5,000 एमएएच की बैटरी के साथ 18 वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।