Sunita Williams: सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 5 जून, 2024 को बोइंग के नए स्टारलाइनर क्रू कैप्सूल में सवार होकर अंतरिक्ष में गए थे और उनके एक सप्ताह बाद ही वापस लौटने की उम्मीद थी। अंतरिक्ष स्टेशन के रास्ते में इतनी दिक्कतें आईं कि नासा ने स्टारलाइनर को खाली ही धरती पर वापस बुला लिया। जिसके कारण उनकी घर वापसी फरवरी तक के लिए टाल दी गई। इसके बाद स्पेसएक्स कैप्सूल से जुड़ी दिक्कतों के कारण एक और महीने की देरी हुई।
नासा क्रू-9 के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स, निक हेग, बुच विल्मोर और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव ने स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल के सफल स्पलैशडाउन के बाद आज सुबह नौ महीने से अधिक समय में पहली बार धरती की हवा में सांस ली। अंतरिक्ष यात्रियों को स्ट्रेचर पर कैप्सूल से उतारा गया। यह एहतियात लंबी अवधि के अंतरिक्ष मिशन से लौटने वाले सभी अंतरिक्ष यात्रियों के लिए बरती जाती है।
दरअसल, कैप्सूल अमेरिकी समय के अनुसार सोमवार-मंगलवार की रात 1 बजे के कुछ देर बाद इंटरनेशनल सेंटर से अलग हुआ और फिर सुबह 5:57 बजे (भारतीय समय के अनुसार बुधवार को 3:27 बजे) फ्लोरिडा तट पर उतरा।
9 महीने बाद धरती पर लौटे:
आपको बता दें कि भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने बाद धरती पर लौट आए हैं। उनके साथ क्रू-9 के दो और अंतरिक्ष यात्री निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी हैं। उन्हें अंतरिक्ष स्टेशन से धरती पर लौटने में 17 घंटे लगे। चारों अंतरिक्ष यात्री मंगलवार 18 मार्च को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से रवाना हुए।
धरती पर पहुंचने में लगे 17 घंटे:
जब अंतरिक्ष यान ने धरती के वायुमंडल में प्रवेश किया तो उसका तापमान 1650 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक हो गया था। इस दौरान कुछ देर के लिए संचार ब्लैकआउट हो गया था। ड्रैगन कैप्सूल के अलग होने से लेकर फ्लोरिडा के समुद्र में उतरने तक करीब 17 घंटे लगे। जैसे ही कैप्सूल फ्लोरिडा के तट पर गिरा, उसके चारों ओर कई डॉल्फिन तैरती हुई दिखाई दीं, जो अंतरिक्ष यात्रियों का घर वापसी पर स्वागत कर रही थीं।
फ्लोरिडा के तट से पानी में उतरा:
आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह अंतरिक्ष यान का दरवाजा बंद हो गया और थोड़ी देर बाद अंतरिक्ष यान अंतरिक्ष स्टेशन से अलग हो गया। इसके बाद बुधवार को सुबह 2:41 बजे डीऑर्बिट बर्न शुरू हुआ। यानी अंतरिक्ष यान के इंजन को कक्षा से विपरीत दिशा में फायर किया गया। इससे अंतरिक्ष यान पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर गया और सुबह 3:27 बजे यह फ्लोरिडा के तट से पानी में उतरा।
सभी अंतरिक्ष यात्रियों को निकाला गया:
ड्रैगन अंतरिक्ष यान की सफल लैंडिंग के बाद सुनीता विलियम्स समेत सभी अंतरिक्ष यात्रियों को निकाला गया। ड्रैगन से बाहर आते ही सभी अंतरिक्ष यात्रियों ने कैमरे की तरफ हाथ हिलाकर घर लौटने की खुशी जाहिर की। इसके साथ ही उनके चेहरे पर 9 महीने बाद धरती पर लौटने की खुशी भी देखी जा सकती है।
Tags: