वंदना चड्ढा नगर परिषद डलहौजी की नई अध्यक्ष

Update: 2026-06-07 12:05 GMT
Dalhousie. डलहौजी। नगर परिषद डलहौजी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया शनिवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। इसमें वंदना चड्ढा ने प्रतिद्वंदी पल्लवी को एक मत से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उपाध्यक्ष पद के चुनावी मुकाबले में रीना जरयाल ने भी तलविंद्र उर्फ साहिल पम्मा को एक मत से मात दी। चुनावी नतीजे घोषित होते ही डलहौजी सिटीजन फोरम जश्न में डूब गया। इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी व नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज चड्ढा विशेष तौर से मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज की देखरेख में शनिवार दोपहर बाद नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की
चुनावी प्रक्रिया निपटाई गई।


नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए डलहौजी सिटीजन फोरम की ओर से वंदना चड्ढा व भाजपा समर्थित पल्लवी और उपाध्यक्ष पद के लिए डलहौजी सिटीजन फोरम की रीना जरयाल व भाजपा समर्थित तलविंद्र उर्फ साहिल पम्मा ने परचा भरा। इसके उपरांत मतदान प्रक्रिया निपटाई गई। अध्यक्ष पद के घोषित नतीजे में वंदना चडढा को पांच और पल्लवी को चार मत मिले। इस पर वंदना चड्ढा को एक मत से विजेता घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद के मुकाबले में रीना जरयाल ने तलविंद्र उर्फ साहिल पम्मा को भी एक मत से हराया। रीना जर्याल को पांच और तलविंद्र उर्फ साहिल पम्मा को चार मत मिले। इस चुनावी परिणाम के बाद डलहौजी सिटीजन फोरम के कार्यकर्ताओं ने विजेता अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को फूलमालाओं से लादकर जश्न मनाया।
Tags:    

Similar News