ऊना को जल्द मिलेगा क्रिटिकल केयर ब्लाक

Update: 2026-07-22 11:33 GMT
Una. ऊना। ऊना को जल्द 50 बिस्तर वाले क्रिटिकल केयर ब्लाक की सौगात मिलने वाली है। 26 करोड़ रुपए से बन रहे क्रिटिकल केयर ब्लाक का 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य जल्द मुकम्मल हो जाएगा। उक्त भवन के बनने के बाद यहां ऊना सहित आसपास जिलों के रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाएंगी। ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती मंगलवार को भवन के निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे। विधायक सतपाल सत्ती ने क्रिटिकल केयर ब्लाक का निरीक्षण किया। वहीं मदर चाइल्ड केयर सेंटर सहित क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की ओपीडीपी व अन्य कक्षों का भी
निरीक्षण किया।


विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस मौके पर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के एमएस डा. संजय मनकोटिया सहित अन्य चिकित्सक भी उपस्थित थे। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत ऊना में क्षेत्रीय अस्पताल के साथ क्रिटिकल केयर ब्लाक बनाया जा रहा है। इस भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2024 में शुरु किया था। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कुल 37 सेक्शन पोस्ट हैं। वहीं उक्त नए ब्लाक बनने से अस्पताल में नए चिकित्सकों सहित पैरामैडिकल स्टाफ, सफाई कर्मियों, सिक्योरिटी की भी जरुरत है। वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल्य से भी इस मसले को लेकर बात करेंगे।
Tags:    

Similar News