Daulatpur Chowk. दौलतपुर चौक। नगर पंचायत दौलतपुर चौक का मुख्य बाजार इन दिनों लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। बाजार में रोजाना लगने वाले जाम ने आम लोगों, व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार शाम को भी मुख्य बाजार में अव्यवस्थित पार्किंग और सडक़ किनारे खड़े वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी देर तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजार में कुछ वाहनों के सडक़ किनारे गलत तरीके से खड़े होने के बाद यातायात की गति धीमी हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा बाजार जाम की चपेट में आ गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालक, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान दिखाई दिए। गर्मी के मौसम में जाम में फंसे लोगों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या अब नई नहीं रही है।
नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने, मुख्य चौक, ढोलवाह रोड और पिरथीपुर रोड पर भी आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार अस्पताल आने वाले मरीजों और एंबुलेंस को भी यातायात बाधित होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों के अनुसार जाम की मुख्य वजह बाजार में बढ़ता अतिक्रमण, सडक़ किनारे लगने वाली रेहडिय़ों की संख्या में लगातार वृद्धि तथा वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग है। सडक़ के दोनों किनारों पर कई स्थानों पर रेहडिय़ां और अस्थायी दुकानें लगने से सडक़ का दायरा पहले ही सीमित हो चुका है। इसके ऊपर वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो जाता है। कई बार एक या दो वाहन गलत तरीके से खड़े होने पर पूरे बाजार की व्यवस्था चरमरा जाती है। व्यापारियों का कहना है कि जाम का असर उनके कारोबार पर भी पड़ रहा है। ग्राहक बाजार में आने से बचने लगे हैं क्योंकि उन्हें पार्किंग और यातायात की समस्या का सामना करना पड़ता है। वहीं, सरकारी और निजी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी भी समय पर अपने कार्यस्थलों तक नहीं पहुंच पाते। विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी स्कूल समय के दौरान जाम से जूझना पड़ता है। स्थानीय निवासी रमेश जसवाल, नितिन, अनिरुद्ध, विकास शर्मा सहित कई लोगों ने इस समस्या के लिए प्रशासन से समाधान मांगा है।