Ranchi रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में युवक राजन तिर्की हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महज 9 हजार रुपये के विवाद में दोस्तों ने ही राजन की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को पोटपोटो नदी में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौड़ी बस्ती निवासी संजय गाड़ी, आकाश महली उर्फ चुद्ध और नीतिन उरांव के रूप में हुई है।
हेड क्वार्टर डीएसपी वन अमर कुमार पांडेय ने बताया कि 8 सितंबर की रात कांके थाना पुलिस को चौड़ी बस्ती के मसना के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क पर खून के निशान मिले, लेकिन वहां कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला।
पुलिस ने खून के निशानों का पीछा करते हुए पोटपोटो नदी तक जांच शुरू की। इसके बाद ड्रोन कैमरे और जवानों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। 11 सितंबर को जयप्रकाश नगर के पास नदी में राजन तिर्की का शव बरामद हुआ। जांच में पता चला कि राजन की हत्या उसके दोस्तों ने की थी। पुलिस के अनुसार, संजय गाड़ी को कार बेचने के बदले 9 हजार रुपये एडवांस मिले थे। राजन और उसके दोस्तों ने पार्टी के लिए उससे पैसे मांगे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि मसना के पास कहासुनी के दौरान संजय ने अपनी पिस्टल निकालकर राजन पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद संजय ने अपने साथियों आकाश और नीतिन की मदद से शव को नदी में बहा दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags: