कोटा। राजस्थान के कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान तीन माह की गर्भवती महिला मीनाक्षी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। शादी के करीब पांच साल बाद पहली बार गर्भवती हुई मीनाक्षी के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतका की पहचान नयागांव स्थित भील बस्ती निवासी 24 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है। उसके पति गुड्डू मजदूरी करते हैं और परिवार किराये के मकान में रहता है। गुड्डू के मुताबिक, मीनाक्षी की तबीयत खराब होने पर 24 नवंबर को उसे मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में खून की कमी पाए जाने पर उसे दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया था।
पति का आरोप है कि 25 नवंबर को अस्पताल स्टाफ ने मीनाक्षी की हालत सामान्य बताते हुए उसे छुट्टी दे दी। हालांकि, घर पहुंचने के कुछ घंटे बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। तेज दर्द, खांसी और दस्त की शिकायत होने पर 26 नवंबर की शाम उसे दोबारा अस्पताल लाया गया।
परिजनों के अनुसार, जांच के बाद डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु की स्थिति खराब होने की जानकारी दी। शुक्रवार को मीनाक्षी को वार्ड में रखा गया और बाद में डीएनसी के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। शाम करीब छह बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने लिखित शिकायत देकर जिम्मेदार डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, अस्पताल अधीक्षक आशुतोष शर्मा ने बताया कि मीनाक्षी खून की कमी और संक्रमण से पीड़ित थी। दोबारा भर्ती किए जाने के समय गर्भस्थ शिशु की मौत हो चुकी थी। मरीज की गंभीर स्थिति के बारे में परिजनों को पहले ही अवगत करा दिया गया था। उनके मुताबिक, मृत भ्रूण की डिलीवरी के बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार रात एसडीएम जीवनलाल शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिवार की मांगों को सरकार तक पहुंचाने और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं, परिजनों ने जिम्मेदार डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई, 25 लाख रुपये का मुआवजा और संविदा नौकरी की मांग पूरी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है। इलाज में कथित लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Tags: