लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गणेशगंज स्थित ग्रेन मार्केट निवासी राम नारायण बाजपेई के लापता होने का मामला सामने आया है। पिछले करीब ढाई महीने से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने उनके अपहरण और 25 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दिए जाने की भी शिकायत की गई है। मामले में अमीनाबाद थाना पुलिस ने 22 नवंबर को पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
राम नारायण बाजपेई की बेटी आंचल बाजपेई पाठक की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में घटना की अवधि 19 सितंबर से तीन नवंबर तक बताई गई है। एफआईआर में शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और ड्राइवर नीतू कनौजिया के नाम शामिल हैं। परिजनों का आरोप है कि व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उनसे फिरौती मांगी गई। शिकायत के मुताबिक, 21 अक्टूबर को पहली बार पांच हजार रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद दो नवंबर को अधिक रकम देने का दबाव बनाया गया।
तीन नवंबर को राम नारायण के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से एक लाख रुपये, बेटी शुचि शुक्ला से चार लाख रुपये और दामाद पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपये मांगे जाने का आरोप है। परिवार की शिकायत में अयोध्या के एक होटल का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि ड्राइवर नीतू कनौजिया ने राम नारायण बाजपेई और शिवम गुप्ता को होटल में छोड़ा था। बाद में होटल संचालक द्वारा संबंधित लोगों को गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचाकर दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठाने का दावा किया गया है।
बुजुर्ग की सकुशल बरामदगी के लिए परिवार लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रहा है। उनकी बेटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में भी शिकायत दे चुकी है। इसके अलावा परिजनों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। नामजद लोगों से पूछताछ नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की विवेचना सब-इंस्पेक्टर राहुल सिंह को सौंपी गई है। अमीनाबाद थाना प्रभारी प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और राम नारायण बाजपेई की तलाश की जा रही है। फिलहाल बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिला है।
Tags: