छात्रा को लेने पहुंचे तीन संदिग्ध, स्कूल प्रशासन ने बुलाई पुलिस

Update: 2026-05-25 09:37 GMT
Shimla. शिमला। स्कूल की छुट्टी का समय था, बच्चे अपने अभिभावकों के साथ घर लौट रहे थे, तभी अचानक दो पुरुष और एक महिला स्कूल परिसर में पहुंचे और तीसरी कक्षा में पढऩे वाली एक छात्रा को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगे। स्कूल प्रशासन को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, तो तुरंत सतर्कता बरती गई और बच्ची को उनके साथ भेजने से इनकार कर दिया गया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। यह मामला शिमला जिला के ठियोग उपमंडल के फागू स्थित एक निजी स्कूल का है। पुलिस के अनुसार इस संबंध में ठियोग थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत स्कूल की वाइस प्रिंसीपल सुनीता शर्मा ने
दर्ज करवाई है।


उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 मई को दोपहर करीब दो बजकर 50 मिनट पर स्कूल में छुट्टी का समय था। इसी दौरान दो पुरुष और एक महिला स्कूल परिसर में पहुंचे और छात्रा को अपने साथ ले जाने की बात कही। स्कूल प्रशासन ने जब उनसे पूछताछ की और सत्यापन करने की कोशिश की तो संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्ची को सुरक्षित अपने पास रखा और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बीएनएस की धाराओं 137(2), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Tags:    

Similar News