Market. मंडी। हिमाचल सरकार निर्विरोध चुनी गई पंचायतों को सहमति से पंच परमेश्वर चुनने के लिए इनाम देगी। यह इनाम राशि इन पंचायतों में विकास कार्यों पर ही खर्च होनी है और यह राशि पंचायतों को मिलने वाली विकास कार्यों की राशि के अतिरिक्त होगी। हिमाचल प्रदेश में करवाए गए पंचायत चुनावों 137 पंचायतों मे निर्विरोध पंचायत प्रतिनिधि चुने गए हैं। इन पंचायत को बतौर इनाम सुक्खू सरकार कुल 34 करोड़ 25 लाख रुपए विकास कार्यों के लिए उपलब्ध करवाएगी। इसका खुलासा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने किया है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने पंचायतीराज अधिनियम एवं नियमों में कई सकारात्मक बदलाव भी किए हैं।
निर्विरोध पंचायत चुनने पर प्रोत्साहन राशि 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 25 लाख रुपए की गई है। इसी का सुपरिणाम है कि इस बार 137 पंचायतें निर्विरोध चुनकर आई हैं। उन्होंने सभी प्रधानों एवं उपप्रधानों से आग्रह किया कि वह सामाजिक एवं आर्थिक विकास सुनिश्चित करने के लिए अच्छी योजनाएं बनाकर सरकार को भेजें। पंचायतों में विकास कार्यों के लिए सरकार से दो तरह से फंडिंग की जाती है। ऐसे में पंचायतों को मिलने वाली ग्रांट से आदर्श पंचायत का सपना साकार कर सकती हैं। उप प्रधानों से कहा है कि बेहतरीन कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को एक्सपोजर विजिट पर भी ले जाया जाएगा।