Jabalpur. जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पनागर थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो सगे भाई और एक भाई की पत्नी शामिल है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले मकान की रेकी की और फिर रात में ताला तोड़कर करीब 45 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।
एडिशनल एसपी क्राइम जितेंद्र सिंह के मुताबिक घटना 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात पनागर थाना क्षेत्र के लमती इलाके में हुई थी। गगन शर्मा अपनी पत्नी को इंदौर जाने वाली ट्रेन में बैठाने स्टेशन गए थे। रात होने के कारण वह अपने माता-पिता के घर रुक गए। अगले दिन घर लौटने पर मकान का कुंदा टूटा मिला। अंदर अलमारियां खुली थीं और लॉकर में रखे लाखों रुपये के जेवर गायब थे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। रात करीब 1:04 बजे एक नीले रंग का ऑटो मकान के सामने दिखाई दिया। ऑटो पर कैपरी गोल्ड लोन का विज्ञापन लगा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस केवलारी निवासी आशीष चौबे तक पहुंची।
जांच में आशीष के भाई अभिषेक चौबे की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद अभिषेक बिहार चला गया था, जहां से उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। वहीं आशीष ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाथ में दर्द का बहाना बनाकर अस्पताल में भर्ती होने की कोशिश की। वह अस्पताल से भी निकल गया, लेकिन बाद में मुखबिर से मिली सूचना पर केवलारी के पास पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आशीष की पत्नी ज्योति चौबे की भूमिका भी सामने आई। पुलिस का आरोप है कि चोरी के बाद दोनों भाइयों ने जेवर ज्योति को दिए थे। उसने जेवर घर में एक झोले में छिपाकर रखे थे। पुलिस के मुताबिक आशीष ने वारदात से पहले करीब दो दिन तक मकान की रेकी की थी। मकान सूना होने की जानकारी मिलने के बाद वह अपने भाई अभिषेक के साथ ऑटो से पहुंचा और सब्बल की मदद से ताला तोड़कर अंदर घुस गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 30 तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान में मंगलसूत्र, हार, झुमके, चूड़ियां, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, डायमंड और रूबी जड़ी अंगूठियां, चांदी की गणेश प्रतिमा, सिक्के और बिछिया शामिल हैं। वारदात में इस्तेमाल ऑटो और सब्बल भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार आशीष के खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी और दुर्घटना से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Tags: