मरीज ने की डॉक्टर पर फायरिंग, मास्क पहनने को लेकर हुआ जमकर विवाद

बाल-बाल बच गए डॉक्टर

Update: 2021-05-27 16:42 GMT

ग्रेटर नोएडा के जारचा क्षेत्र के दादूपर गांव में गुरुवार को डॉक्टर द्वारा मरीज को मास्क पहनने के लिए कहना महंगा पड़ गया। डॉक्टर की नसीहत से गुस्साए मरीज ने पिस्टल निकालकर डॉक्टर पर फायरिंग कर दी और भाग गया। फायरिंग में डॉक्टर बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपी के साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, दादूपुर गांव में डॉक्टर राजा राम का क्लीनिक है। गुरुवार सुबह करीब दस बजे राजा राम मरीज देख रहे थे। इसी दौरान फूलपुर गांव का परमीत बुखार की शिकायत लेकर उनके क्लीनिक पर पहुंचा। परमीत मास्क नहीं पहने हुए था। यह देखकर डॉक्टर ने उसे मास्क पहन कर आने के लिए कहा। इसके बाद परमीत डॉक्टर राजा राम को देख लेने की धमकी देता हुआ क्लीनिक से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने साथी राहुल के साथ फिर से क्लीनिक पर पहुंचा और डॉक्टर राजा राम पर फायिरंग कर दी।

गनीमत रही कि गोली डॉक्टर को न लगकर उनके पास से होकर गुजर गई और वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद क्लीनिक में मौजूद मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की शिकायत तुरंत पुलिस को दी गई। एसओ जारचा श्रीपाल सिंह ने बताया कि एक आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी परमीत की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दोनों पर गुंडा एक्ट के तहत कारवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News

-->