पतलीकूहल। हिमाचल प्रदेश सरकार के आयुष तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कटराईं के राजकीय खंड आयुर्वेदिक अस्पताल का दौरा किया । अपनी मनाली की यात्रा के दौरान विधायक भुवनेश्वर गौड़ के आग्रह पर आयुष मंत्री गोमा ने कटराईं में कुछ देर रुक कर आयुष विभाग के एक बहुत ही पुराने और महत्वपूर्ण आयुर्वेदिक अस्पताल का हालचाल जाना । इस मौके पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी उनके साथ उपस्थित रहे। अस्पताल के निर्माणाधीन भवन के अवलोकन पश्चात विधायक भुवनेश्वर ने आयुष मंत्री से अस्पताल भवन निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए फंड जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कटराईं में स्थित यह आयुर्वेदिक अस्पताल इलाके का सबसे पुराना अस्पताल है तथा आयुष विभाग द्वारा इस अस्पताल में पंचकर्म की सुविधा उपलब्ध करवाए जाने के बाद से यहां मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है।
भवन का कार्य अधूरा होने की वजह से अस्पताल प्रबंधन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नए भवन का कार्य अपने अंतिम चरण में है । लेकिन इसे पूरा किये जाने में धन की कमी आड़े आ रही है । आयुष मंत्री ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्होंने सारी स्थिति को देख लिया है तथा सरकार द्वारा प्रमुखता के आधार पर अस्पताल के निर्माणाधीन भवन की फिनिशिंग के लिए उचित धनराशि उपलब्ध करवा दी जाएगी । इस मौके पर उप मंडल आयुष अधिकारी नताशा ठाकुर ने आयुष मंत्री तथा विधायक का यहां पधारने पर हार्दिक धन्यवाद किया तथा प्रबंधन से संबंधित कुछ अन्य मांगें उनके समक्ष रखीं जिन के उचित समाधान का आश्वासन आयुष मंत्री द्वारा दिया गया । इस दौरान जिला आयुष अधिकारी डॉ सोनिया, उपमंडलीय आयुष अधिकारी डॉ नताशा ठाकुर तथा अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर जसविंदर कपूर, डाक्टर मनीश सूद के साथ-साथ अस्पताल स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।