ट्रैक्टर पर खेल रहे दो भाइयों में हादसा, ढाई साल के मासूम की पहिए के नीचे आने से मौत
छग
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा नीलगिरी बस्ती में खेलते समय बच्चा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि बड़े भाई ने खेल-खेल में ट्रैक्टर की चाबी घुमा दी, जिससे वाहन अचानक चालू हो गया और नीचे खड़ा छोटा भाई हादसे का शिकार हो गया। यह घटना वार्ड क्रमांक 20 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य स्थल की है। निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर से ईंटें लाई गई थीं। घटना के समय ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ईंट उतारने में व्यस्त थे। उन्होंने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था और चाबी वाहन में ही लगी रह गई थी। जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद अब्दुल लतीफ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब ढाई साल थी। बताया गया कि वह अपने पांच वर्षीय बड़े भाई मोहम्मद अंजार के साथ खेल रहा था। दोनों बच्चे खेलते-खेलते ट्रैक्टर के पास पहुंचे और उस पर चढ़ गए।
बड़े भाई ने घुमाई ट्रैक्टर की चाबी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बड़े भाई ने ड्राइवर सीट पर बैठकर ट्रैक्टर की चाबी घुमा दी। चाबी घुमाते ही ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया। इस दौरान छोटा भाई अब्दुल लतीफ ट्रैक्टर के नीचे पहिए के पास खड़ा था। ट्रैक्टर अचानक चलने से बच्चा उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी वंदना शर्मा ने बताया कि मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद अब्दुल लतीफ के रूप में हुई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
लापरवाही से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर को चाबी लगी हालत में छोड़ना और बच्चों का वाहन के पास पहुंच जाना हादसे की मुख्य वजह बनी। मामले में परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी निर्माण स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहनों को सुरक्षित रखने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।