बारिश बनी काल! नाले में उतरीं दो बहनें, गहरे पानी में डूबने से मौत
दो बहनों की दर्दनाक मौत
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: बांदा जिले में एक दर्दनाक हादसे में बारिश के पानी से भरे नाले में डूबने से दो मासूम चचेरी बहनों की मौत हो गई। घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव की है, जहां खेलते-खेलते नाले तक पहुंचीं दोनों बच्चियां नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गईं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मृतक बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय राधिका और 9 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई है। राधिका हस्तम गांव की रहने वाली थी, जबकि अंशिका नरैनी कोतवाली क्षेत्र के दिवली गांव से अपनी बुआ के घर घूमने आई हुई थी। दोनों चचेरी बहनें रविवार को गांव में खेल रही थीं। इसी दौरान वे बारिश के पानी से लबालब भरे नाले के पास पहुंच गईं और नहाने लगीं।
बताया जा रहा है कि नाले में बने गहरे गड्ढे की जानकारी दोनों बच्चियों को नहीं थी। नहाते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में डूब गईं। काफी देर तक बच्चियों के दिखाई नहीं देने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को नाले से बाहर निकाला गया।
परिजन दोनों बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजस्व विभाग के साथ मिलकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गांव के लोगों ने बारिश के मौसम में जलभराव वाले स्थानों के आसपास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और बच्चों की निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है।