Rohru. रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय, सीमा (रोहड़ू) में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शिमला के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर का रविवार को महाविद्यालय के 41 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर आपदा प्रबंधन से जुड़े सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. पी. चौहान ने की। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग अपने परिवार, गांव और समाज में आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा जन-जागरूकता फैलाने के लिए करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, अग्निकांड सहित विभिन्न आपदाओं में बचाव एवं राहत कार्य, रस्सी बचाव तकनीक पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण दल में वाहिनी प्रशासनिक अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार तथा प्रशिक्षक वीरेंद्र प्रकाश, हरीश कुमार और मुनीष कुमार शामिल रहे। प्रशिक्षण दल के सभी सदस्यों को महाविद्यालय परिवार की ओर से स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शिमला की ओर से सभी प्रतिभागियों को युवा आपदा मित्र किट भी बांटी। कार्यक्रम में डीन अध्ययन डॉ. रवि किरण शर्मा तथा डाक्टर अश्वनी कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।