सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों का सुरक्षित भविष्य

Update: 2026-05-22 14:12 GMT
Shimla. शिमला। डाक विभाग के शिमला मंडल द्वारा बुधवार को शिमला जीपीओ और ऑकलैंड हाउस स्कूल की स्थापना के 160 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष आवरण (स्पेशल कवर) जारी किया गया। समारोह में शिक्षा, फिलेटली और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में शिमला मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर कंचन सिंह चौहान ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करते हुए विशेष आवरण का अनावरण किया। उन्होंने ऑकलैंड हाउस स्कूल को 160 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि संस्थान ने बालिका शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्कूल बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है, उसी तरह डाक विभाग भी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए
प्रतिबद्ध है।


मुख्यातिथि ने इस दौरान डाक विभाग की सुकन्या समृद्धि योजना को बेटियों की उच्च शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए सबसे भरोसेमंद बचत योजना बताया। साथ ही उन्होंने फिलेटली के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और डाक विभाग की योजनाओं की भी जानकारी दी। इस अवसर पर ऑकलैंड हाउस स्कूल की प्रधानाचार्य स्मार्की समान्था रॉय ने डाक विभाग का विशेष आवरण जारी करने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्कूल पिछले 160 वर्षों से विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों का विकास करने के लिए कार्य कर रहा है, ताकि छात्राएं जीवन में सफलता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझ सकें। समारोह में मेजर डॉ. ऋतू कालरा, देव राज, मनोहर लाल शर्मा, राकेश कुमार सहित स्कूल के अध्यापक और डाक विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। डाक विभाग के अनुसार यह विशेष आवरण बिक्री के लिए फिलेटली ब्यूरो, जीपीओ शिमला में उपलब्ध रहेगा।
Tags:    

Similar News