Sujanpur. सुजानपुर। ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘15 डोगरा रेजीमेंट की जय’ के नारों से पूरा सुजानपुर शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। अवसर था 15 डोगरा रेजीमेंट राइजिंग डे समारोह का, जिसका आयोजन सुजानपुर शहर की ऐतिहासिक हेरिटेज हवेली वार्ड नंबर-1 में गरिमामय ढंग से किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के जयघोष, दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण के बीच हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पूर्व सैनिकों के जोश ने पूरे समारोह को गौरवमयी बना दिया। आयोजन के दौरान विधायक सुजानपुर एवं पूर्व सैनिक कैप्टन रणजीत सिंह तथा उनकी धर्मपत्नी का आयोजकों द्वारा शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर विशेष सम्मान किया गया। सुजानपुर में आयोजित 15 डोगरा रेजीमेंट राइजिंग डे समारोह अपने अनुशासित, भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।