यूपी। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शराब के पैसे को लेकर हुए घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया. पुलिस ने अपने ही बेटे की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में 47 वर्षीय देवेंद्र को गिरफ्तार किया है. आरोपी को गुरुवार को एक्सपो मार्ट और तुगलकपुर के बीच ड्रेन रोड पर एक पुलिया के पास से पकड़ा गया. उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी भी बरामद कर ली गई है.
पुलिस के मुताबिक, 21 जून को देवेंद्र नशे की हालत में घर पहुंचा था. उसने अपने बेटे करण से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे, लेकिन करण ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ. आरोप है कि अगले दिन देवेंद्र दोबारा घर लौटा और गुस्से में बांस की लाठी से करण के सिर पर कई वार कर दिए. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया.
परिजन गंभीर रूप से घायल करण को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 22 जून को उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मृतक की मां ने नॉलेज पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी. आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.