खौफनाक मंजर लाइव...2nd फ्लोर पर पहुंचा तेंदुआ, मची अफरा-तफरी

वीडियो सामने आया.

Update: 2025-11-19 10:24 GMT
नागपुर: नागपुर के भांडेवाड़ी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अचानक एक आवासीय इमारत की दूसरी मंजिल पर बने फ्लैट में घुस गया. सुबह के वक्त घर में हलचल महसूस होने पर मकान मालिक ने जैसे ही कमरे में झांका, उसकी नजर तेंदुए की पूंछ पर पड़ी. यह नजारा देखते ही घरवाले घबरा गए और दूसरे कमरे की ओर भागे. इसी के साथ तत्काल मामले की जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी.
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत पहुंची. वन विभाग की रेस्क्यू यूनिट ने मोर्चा संभाला. टीम ने पूरे फ्लैट को घेराबंदी में लिया है और तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ने के लिए विशेष उपकरणों और नेट का इस्तेमाल किया जा रहा है. तेंदुआ घर के एक कोने में छिपा हुआ है, जिसके कारण रेस्क्यू टीम बेहद सतर्कता से आगे बढ़ रही है, ताकि किसी भी व्यक्ति या जानवर को नुकसान न हो.
इस मामले को लेकर खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान पूरे रेस्क्यू को देखने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की है, लेकिन इसके बावजूद लोग भारी संख्या में जुट रहे हैं.
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ किस तरह कोने में बैठा हुआ है. मकान मालिक ने बताया कि बेटा घर में पहुंचा था तो उसने तेंदुआ की पूंछ देखी. उसने बाकी घर के लोगों को बताया तो सभी सुरक्षित जगह की तरफ भागे. फिलहाल वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ऑपरेशन में लगी है और कोशिश की जा रही है कि तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जाए. इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है.
Tags:    

Similar News