Nahan. नाहन। नाहन नगर परिषद वार्ड-11 श्री जगन्नाथ मंदिर से भाजपा की वरिष्ठ नेत्री संध्या अग्रवाल ने दूसरी बार जीत दर्ज कर साबित कर दिया है कि लोगों के बीच गत पांच वर्ष तक रहकर उन्होंने आम लोगों के कार्यों को प्राथमिकता दी। संध्या अग्रवाल ने इस बार के नगर परिषद के चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 867 मतों में से 502 मत हासिल कर 150 मतों से जीत दर्ज कर दूसरी बार नगर परिषद नाहन में पार्षद के रूप में एंट्री की है। संध्या अग्रवाल की जीत न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं व वार्ड-11 के लोगों के लिए कार्यों की जीत है, अपितु वार्ड के लोगों में इस बात को लेकर भी खुशी है कि नाहन नगर परिषद के अध्यक्ष पद की सीट पर भाजपा की विजयी महिला पार्षदों में से संध्या अग्रवाल वरिष्ठ पार्षद है।
उधर, भाजपा के साथ-साथ संध्या अग्रवाल ने नाहन शहर के वार्ड नंबर-11 के तमाम मतदाताओं व आम लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि वार्ड-11 के लोगों ने उन्हें भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में जो विश्वास प्यार व आशीर्वाद दिया है वह वार्ड नंबर-11 के हर नागरिक की जीत है। संध्या अग्रवाल ने वार्ड-11 श्री जगन्नाथ मंदिर के लोगों को आश्वासन दिया कि उन्होंने जो वादे वार्ड के लोगों के साथ किए गए हैं वह पूरी ईमानदारी, समर्पण व पारदर्शिता के साथ उन्हें पूरा करेंगी। संध्या अग्रवाल ने कहा कि उनकी इस जीत के लिए जहां हर मतदाता व वार्ड के लोगों का सहयोग रहा है तो वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं ने भी उनकी जीत में मदद व मार्गदर्शन कर इस ऐतिहासिक जीत में सहयोग किया है।