Shimla. शिमल। सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को एसजेवीएन लिमिटेड परिसर में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), शिमला (कार्यालय-2) की छमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसजेवीएनएल के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने की। इसमें शिमला स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा की गई तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित राजभाषा लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल करने पर मंथन हुआ।
अजय कुमार शर्मा ने कहा कि सभी सदस्य कार्यालय हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि कार्यालयी कामकाज का अधिकतम हिस्सा हिंदी में करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखें। बैठक के दौरान उन्होंने वर्ष 2015 से एसजेवीएन के पास रही नराकास, शिमला (कार्यालय-2) की अध्यक्षता का कार्यभार भारतीय रिजर्व बैंक को सौंपते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि संसदीय राजभाषा समिति ने भी नराकास, शिमला के कार्यों की सराहना की है, जो एसजेवीएन की उपलब्धि है।