साउथेंड एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही विमान दुर्घटनाग्रस्त, भीषण आग और धुएं से मची अफरा-तफरी
बड़ी खबर
London. लंदन। रविवार दोपहर लंदन के साउथेंड एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद एक छोटा यात्री विमान Beech B200 सुपर किंग एयर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर घना काला धुआं उठता दिखा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे हुई। हादसा उस वक्त हुआ जब विमान नीदरलैंड्स के लेलिस्टैड के लिए रवाना हुआ था। टेकऑफ के कुछ ही पलों में विमान ने संतुलन खो दिया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान में लगी भयानक आग, राहत कार्य जारी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार देखा गया। तत्काल राहत और बचाव के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान में कितने लोग सवार थे, अथवा किसी की मौत या घायल होने की सूचना है या नहीं। प्रशासन ने फिलहाल किसी नुकसान की पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह मंजर
हादसे के चश्मदीदों ने बताया कि दुर्घटना के ठीक पहले लोगों ने विमान की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "विमान उड़ान भर ही रहा था कि अचानक एक जोरदार आवाज हुई और कुछ ही पलों में वह जमीन से टकरा गया। उसके बाद धुएं और आग की लपटें आसमान में उठती दिखीं। यह बेहद त्रासदीपूर्ण दृश्य था।"
जांच में जुटे अधिकारी
हादसे के बाद ब्रिटेन की नागरिक उड्डयन सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचकर विमान के मलबे का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। दुर्घटनाग्रस्त विमान Beech B200 सुपर किंग एयर है, जो एक जुड़वां इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है। इसका उपयोग आम तौर पर छोटे यात्रियों और कॉर्पोरेट ट्रैवल के लिए किया जाता है। फिलहाल एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है और घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।