Sunni. सुन्नी। मौसम के शुष्क रहने एवं तेज धूप से जंगलों में आगजनी का सिलसिला जारी है। जिससे वातावरण में गर्मी बढऩे लगी है। आगजनी से जंगली जानवरों को भी ख़तरा हो गया है। वहीं आसपास के रिहायशी इलाकों में भी डर का माहौल बनने लगा है। शुक्रवार दोपहर बाद बसन्तपुर के कमलाडुंगरी जंगल में अचानक आग लग गई। कमलाडुंगरी गांव से लगभग 50 मीटर दूर जंगल में लगी आग से उठता धुंआ एवं आग की लपटों को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बता दें कि गत वर्ष भी ऊक्त गांव में आग लगने से घर को नुकसान पहुंच चुका है। जिस कारण गांव के लोगों में डर फैल गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने तुरन्त वन एवं राजस्व विभाग को दी। दोनों विभागों की टीमें तुरन्त मौका पर पंहुची तथा ग्रामीणों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया।
जंगल में लगी भंयकर आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन बल को भी बुलाया गया। अग्मिश्मन प्रभारी परस राम की अगवाई में अग्निशमन वाहन मौके पर पंहुचा तथा गांव के समीप की आग पर ग्रामीणों एवं विभागीय टीमो के साथ काबू पा लिया। बस्ती से लगभग 500 मीटर जंगल में आग धीमी गति से जारी है। अग्निशमन वाहन का वहां तक पंहुचना नामुमकिन है। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार प्रतीक ठाकुर, राजस्व टीम एवं वन विभाग की टीम ने आग पर नियंत्रण करने में सहायता की। नायब तहसीलदार प्रतीक ने बताया कि बस्ती से आग का खतरा तल गया है। ग्रामीणों को सचेत रहने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अनावश्यक तौर पर अलाव न जलाएं, तथा पर्यावरण को स्वच्छ रखें।