Manali. मनाली। निचले क्षेत्रों में तपती गर्मी से पर्यटन नगरी मनाली की ओर पर्यटक ठंडी वादियों का सुकून प्राप्त करने के लिए पहुंच रहे हैं। विश्व में प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली पर्यटकों से गुलजार हो गई है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों के लिए पर्यटक यहां पहुंचे। वहीं, मनाली के पर्यटन व्यवसायी भी पर्यटकों की भीड़ से खुश हैं। मनाली के बाजारों में खूब रौनक लौटी है। होटल, ढाबे सहित अन्य दुकानों में पर्यटकोंं की खूब भीड़ दिख रही है, जिससे कारोबार अच्छा हो रहा है। पर्यटन नगरी मनाली में सैलानियों का भारी सैलाब उमड़ा। मनाली का माल रोड रात को पर्यटकों की भीड़ से पैक रहता है। मनाली के सभी होटल पैक हैं, जबकि आसपास के होटलों में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ गई है।
मंगलवार को भी मनाली का माल रोड पर्यटकों से गुलजार रहा। मंगलवार सुबह धूप खिलते ही पर्यटक रोहतांग दर्रा, अटल टनल रोहतांग और सिस्सु के लिए भी निकल पड़े हैं। पर्यटकों की आमद से पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। रोहतांग, मढ़ी, गुलाबा, कोकसर, ग्रांफू, कुंजुम पास सहित स्नो प्वाइंटों में सैलानी बर्फ के बीच मस्ती कर रहे हैं। साहसिक खेल, फोटोग्राफर, टैक्सी, गाइड, होटल व्यवसायी और दूसरी गतिविधियों से जुड़े सैकड़ों लोग सैलानियों की आमद बढऩे से खुश हैं। पर्यटकों की आमद बढऩे से मनाली के सभी पर्यटन स्थलों माता हडिंबा मंदिर, मनु ऋषि मंदिर, वशिष्ठ, नग्गर, में चहल-कदमी बढ़ गई है। कोकसर, चंद्रा घाटी, सिस्सू समेत अन्य क्षेत्रों में भी पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है।