GRP बिलासपुर की कार्रवाई, ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-24 13:17 GMT
Raipur. रायपुर। रेलवे सुरक्षा के तहत जीआरपी बिलासपुर ने ट्रेन में मोबाइल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला ट्रेन संख्या 17006 हैदराबाद एक्सप्रेस से जुड़ा है, जिसमें एक यात्री का मोबाइल चोरी हो गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोहम्मद इनायत उल्ला पिता मोहम्मद सलीम उल्ला, उम्र 19 वर्ष, निवासी मंगलहाट थाना मंगलहाट, जिला हैदराबाद (तेलंगाना) 22 जून 2026 को ट्रेन के कोच एस/4, बर्थ नंबर 21 पर यात्रा कर रहा था। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास उसका रियलमी कंपनी का मॉडल P3 मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 19,424 रुपये थी, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया।

घटना की शिकायत मिलने पर जीआरपी बिलासपुर ने अपराध क्रमांक 73/2026 दर्ज कर धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक रेलवे रायपुर के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक टी. खाखा के मार्गदर्शन में की गई। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन बिलासपुर के प्लेटफार्म नंबर 1 और फुट ओवर ब्रिज के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास कर रहा था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शहनवाज आलम पिता मोहम्मद नसीम उल्ला, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 10, महसौल गोट रामपुर लक्ष्मी थाना टाउन, जिला सीतामढ़ी (बिहार) बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 22 जून 2026 को ट्रेन संख्या 17006 हैदराबाद एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान उक्त यात्री का मोबाइल चोरी किया था। आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में जब्ती पत्रक के अनुसार जप्त किया गया। जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को 24 जून 2026 को तड़के 00:10 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जो 08 जुलाई 2026 तक मान्य रहेगा। रेलवे पुलिस ने बताया कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है।
प्लेटफार्म
और ट्रेनों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि जीआरपी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते ट्रेनों में होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
Tags:    

Similar News