CG BREAKING: हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा एक और आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-24 14:08 GMT
Dhamtari. धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4.76 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में की गई, जिसमें पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद सप्लाई चेन के अहम लिंक का खुलासा हुआ। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई, जिनके निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
मामले की शुरुआत 19 जून 2026 को हुई थी, जब थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित लगभग 2.30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(क), 29 और 27-ए के तहत विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की, जिसमें मेमोरेण्डम बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क में अभिनय तिवारी उर्फ लवली की सक्रिय भूमिका है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वही आरोपी को नशे की खरीद के लिए धन उपलब्ध कराता था और तस्करी का पूरा संचालन उसी के निर्देश पर किया जा रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चार दिन पहले गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार साहू को राजनांदगांव से हेरोइन लाने के लिए नकद राशि और मोटरसाइकिल भी अभिनय तिवारी द्वारा ही उपलब्ध कराई गई थी। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभिनय तिवारी उर्फ लवली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की भूमिका तस्करी नेटवर्क में वित्तीय सहयोग और संचालन से जुड़ी हुई है। गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी अभिनय तिवारी पूर्व में भी इसी प्रकार के हेरोइन मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
बावजूद इसके वह दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय पाया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल इस मामले में एक अन्य आरोपी हैप्पी सरदार की तलाश जारी है, जो इस सप्लाई नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया जा रहा है। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे पूरे सप्लाई चैन का खुलासा हुआ है और आगे कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
Tags:    

Similar News