गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर से पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की बढ़ती क्षमता को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "मेड इन इंडिया, सर्व्ड टू द वर्ल्ड। बनासकांठा में आलू प्रोसेसिंग प्लांट के विस्तार का कल उद्घाटन किया जाएगा!" प्रधानमंत्री के इस संदेश को भारतीय कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने और उन्हें वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की पहल से जोड़कर देखा जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री बनास डेयरी के सणादर स्थित फ्रेंच फ्राइज प्रोसेसिंग प्लांट के विस्तार का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर लगभग 51.65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। विस्तार के बाद संयंत्र की प्रसंस्करण क्षमता दो टन प्रति घंटे से बढ़कर पांच टन प्रति घंटे हो जाएगी।
इस परियोजना से आलू उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाओं के विकास से खाद्य उद्योग और कृषि क्षेत्र के बीच संबंध मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान बनास डेयरी की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनकी कुल लागत 407.56 करोड़ रुपये है। इनमें भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर और आधुनिक भंडारण प्रणाली भी शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री थराद और राधनपुर में दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के साथ किसानों के लिए आय के नए अवसर विकसित करना है। प्रधानमंत्री का यह दौरा कृषि प्रसंस्करण, पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags: