कोट्टायम: केरल के कोट्टायम से रिश्तों और सामाजिक दबाव से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक होटल के कमरे में युवक और युवती का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला. शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, जिसके पीछे परिवार द्वारा शादी से इनकार किए जाने को वजह बताया जा रहा है.
एजेंसी के अनुसार, मृतकों की पहचान पुथुपल्ली निवासी 22 वर्षीय नंदकुमार और परुम्बैकाडु के वरिसेरी इलाके की 19 वर्षीय आसिया थानम्मा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध में थे और शादी करना चाहते थे. दोनों ने अपने-अपने परिवारों को भी इस बारे में बताया था, लेकिन परिवार के लोगों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया.
युवक और युवती गुरुवार को कोट्टायम शहर के शास्त्री रोड स्थित एक होटल में ठहरे थे. इसके बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले. शुक्रवार को निर्धारित समय तक जब दोनों ने कमरा खाली नहीं किया, तो होटल स्टाफ को शक हुआ. काफी देर तक कोई रिप्लाई नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा, जहां दोनों को फंदे से लटका पाया गया.
पुलिस का कहना है कि कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है. नोट में लिखा था कि परिवारों द्वारा शादी के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया. इसी कारण यह कदम उठाया. इस घटना से पहले युवती के परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर गांधी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी. हालांकि इससे पहले ही दोनों की मौत की खबर सामने आ गई.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दोनों किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे.