Russia Ukraine War: दक्षिणी यूक्रेन में मारियोपोल से नागरिकों को निकालने का प्रयास विफल हो गया है, क्योंकि मॉस्को और कीव ने एक दूसरे पर सीजफायर को तोड़ने का आरोप लगाया है. युद्ध अब अपने 12वें दिन में पहुंच चुका है. अब तक तकरीबन 15 लाख लोगों को यूक्रेन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है. इस बीच, रूसी सेना ने यूक्रेन के पड़ोसी देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि यूक्रेन को 'No-Fly Zone' घोषित करने वाले देश को युद्ध में शामिल माना जाएगा. यूरोपीय संघ के नेता चार्ल्स मिशेल ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की यूक्रेनी हवाई क्षेत्र पर नो-फ्लाई ज़ोन लागू करने की अपील पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा है कि ऐसा करने से विश्व युद्ध छिड़ सकता है.
सरकार के टॉप सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी आज सुबह 11:30 बजे यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से और दोपहर 1:30 बजे रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात करेंगे. इस मीटिंग में यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए पीएम मोदी ज़ेलेंस्की और पुतिन के साथ चर्चा करेंगे.
यूक्रेन से जंग के बीच रूस ने चार इलाकों में सीजफायर का ऐलान किया है. इससे भारतीय छात्रों को भी राहत मिलेगी. यूक्रेन के जिन चार इलाकों में रूस ने सीजफायर का ऐलान किया है उसमें राजधानी कीव के साथ-साथ मारियुपोल, खारकीव और सुमी शामिल है. रूस की तरफ से यह वक्त वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए दिया गया है. बता दें कि यूक्रेन के सुमी में अभी बड़ी संख्या में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं, जिनको निकालने में अब आसानी होगी.