HP: फल मंडियों में पहुंच गया मिडल बेल्ट का सेब

Update: 2024-08-16 10:02 GMT
Shimla. शिमला। मार्केट में मिडल बेल्ट का सेब आना शुरू हो चुका है। शिमला जिला के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के सेब का इंतजार हो रहा था, जिसकी आमद मंडी में हो चुकी है। पराला मंडी के साथ शिमला की भट्टाकुफर मंडी में भी सेब की आमद हुई है, जिसे दाम भी काफी अच्छा मिला है। भट्टाकुफर में ऊपरी शिमला के खड़ा पत्थर के मझोली इलाके का सेब पहुंचने लगा है, जिससे यहां शुरुआत हो गई है। बताया जाता है कि यहां की स्पर वैरायटी के सेब को शुरुआत में ही अच्छा दाम मिला है। दस किलो सेब की पैकिंग को 2700 रुपए का दाम मिला, जिससे बागबानों के चेहरे खिल गए हैं। उम्मीद है कि मिडल बेल्ट से आने वाले सेब को यहां इससे भी कहीं ज्यादा दाम मिलेंगे। इस बार सेब का दाम बागबानों को काफी अच्छा मिल रहा है,
जिससे बागबान भी खुश हैं।

अभी तक मंडियों में लोअर बेल्ट का सेब पहुंच रहा था जिसे भी बढिय़ा दाम मिला। यहां पर 4700 रुपए 20 किलो की पैकिंग की पेटी बिक चुकी है, जिससे ज्यादा दाम अब मिडल बेल्ट के सेब को मिला है। दस किलो की पैकिंग के 2700 रुपए यानी 20 किलो पैकिंग को 5400 का दाम है जो कि अब तक का सबसे अधिक दाम है। कई दिनों से इंतजार किया जा रहा था कि मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों से यहां पर सेब आएगा और ये इंतजार अब खत्म हो गया है। अभी खड़ा पत्थर के मझोली से सेब आया है जिसके बाद इसी एरिया और इसके साथ लगते कुमारसैन व जुब्बल, कोटखाई एरिया से भी सेब पहुंचेगा। शिमला की पराला मंडी में भी मध्य क्षेत्र के सेब की आमद हो चुकी है। इसके बाद इंतजार गोल्डन एप्पल का रहेगा, जिसे इस बार अच्छा दाम मिलने की पूरी उम्मीद है। क्योंकि रॉयल और स्पर को भी अच्छा दाम मिल रहा है। सरकार की मानें तो इस बार कार्टन की गुणवत्ता में सुधार के चलते सेब के दाम में फर्क पड़ा है।
Tags:    

Similar News

-->