शिमला। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच शिक्षा क्षेत्र में सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल हुई है। जम्मू-कश्मीर दौरे पर गए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने वहां के मुख्यमंत्री डा. उमर अब्दुल्ला तथा शिक्षा मंत्री सकीना मसूद इटू से मुलाकात कर दोनों राज्यों की शिक्षा व्यवस्था, चुनौतियों, सुधारों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में दोनों राज्यों ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए साझा रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।
इस दौरान हिमाचल के समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा, स्कूली शिक्षा निदेशक आशीष कोहली तथा अतिरिक्त सचिव (शिक्षा) अनिल चौहान भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डा. उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की भौगोलिक परिस्थितियां शिक्षा व्यवस्था के समक्ष कई चुनौतियां प्रस्तुत करती हैं, लेकिन सरकार शिक्षा की गुणवत्ता, पहुंच और समावेशिता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जहां दूरदराज क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना बड़ी चुनौती है।