Kullu. कुल्लू। गर्मी से राहत पाने के लिए देश के विभिन्न मैदानी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों कुल्लू-मनाली का रुख कर रहे हैं। पर्यटन सीजन अपने पूरे यौवन पर है और कुल्लू-मनाली की वादियां सैलानियों से गुलजार हो गई हैं। हालात यह हैं कि पर्यटन नगरी मनाली सहित रोहतांग पास, अटल टनल, सोलंगनाला, कोठी, गुलाबा और अन्य बर्फीले स्थलों पर पर्यटकों का भारी जमावड़ा देखने को मिल रहा है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण क्षेत्र की सडक़ों पर लंबा जाम अब आम बात बन गया है। सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। सुबह से ही मनाली शहर, वशिष्ठ चौक, माल रोड, रांगड़ी, पलचान तथा अटल टनल मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई स्थानों पर पर्यटकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सैलानियों का उत्साह कम नहीं हो रहा और वे हिमालय की गोद में प्राकृतिक सौंदर्य तथा ठंडे मौसम का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
रोहतांग पास इस समय पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां अब भी बर्फ की मोटी चादर जमी हुई हैए जिसे देखने और उसमें खेलने के लिए हजारों पर्यटक प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। बच्चे और युवा बर्फबारी के अवशेषों के बीच फोटोग्राफीए स्नो एक्टिविटीज और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। इसी तरह सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंगए जॉर्बिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का रोमांच भी पर्यटकों को खूब लुभा रहा है। पर्यटकों की भारी आमद से स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। होटलए होमस्टे, टैक्सी संचालक, रेस्टोरेंट और साहसिक गतिविधियों से जुड़े व्यवसायियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। अधिकांश होटल और होमस्टे में अधिभोग दर काफी बढ़ गई है। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि जून माह की शुरुआत से ही कारोबार में उल्लेखनीय तेजी आई हैए जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। हालांकि बढ़ती भीड़ के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं तथा यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करनेए निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है।