Gandhinagar. गांधीनगर। अडानी ग्रुप के चेयरपर्सन गौतम अडानी गुजरात के पूर्व मुख्यंमत्री विजय रूपाणी के आवास पर पहुंचे, जिनकी कल अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना में दिवंगत हुए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि देने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी उनके आवास पहुंचे। गौतम अडानी ने रूपाणी परिवार से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुखद क्षति पर अपनी भावनाएं साझा कीं। बता दें कि गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान में भीषण हादसा हो गया था, जिसमें 265 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में गुजरात के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। इस दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
विभिन्न राजनीतिक दलों, उद्योग जगत, और सामाजिक संगठनों ने उनकी मृत्यु पर दुख प्रकट किया है। गौतम अडानी ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि विजय रूपाणी न केवल एक सफल राजनेता थे, बल्कि एक सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने जनसेवा को अपना जीवन समर्पित किया। इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेता, और समाज के अन्य गणमान्य लोग भी रूपाणी आवास पर मौजूद रहे। पूरे गुजरात में रूपाणी की मौत को लेकर शोक की लहर दौड़ गई है। सरकार ने विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) समेत अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।