Bulandshahr बुलंदशहर। निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। स्वतंत्र भारद्वाज के एक दोस्त ने दावा किया है कि दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम बुलंदशहर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। स्वतंत्र के दोस्त के मुताबिक, वह दोपहर करीब 2 बजे तक उसके साथ मौजूद था। इसी दौरान दिल्ली से आई क्राइम ब्रांच की टीम वहां पहुंची और स्वतंत्र को अपने साथ चलने के लिए कहा। दोस्त ने बताया कि टीम के सदस्यों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा, “स्वतंत्र, हमारे साथ चलिए।”
दोस्त ने बताया कि स्वतंत्र भारद्वाज सुबह करीब सात बजे वहां पहुंचा था। कुछ घंटे बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे अपने साथ ले लिया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया जब स्वतंत्र भारद्वाज पर निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट के आरोप लगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने भी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
चिराग पासवान ने साफ किया था कि उनका स्वतंत्र भारद्वाज से कोई निजी संबंध नहीं है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और सच्चाई सामने लाने की मांग की थी। मामले में स्वतंत्र भारद्वाज का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। स्वतंत्र ने इससे पहले एक पॉडकास्ट में चिराग पासवान से संपर्क होने का दावा किया था, जिसके बाद चिराग ने सफाई देते हुए कहा था कि किसी नेता से मुलाकात को निजी रिश्ता नहीं माना जा सकता।
फिलहाल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच तेज होने की संभावना है। पुलिस स्वतंत्र भारद्वाज से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा सकती है। इस मामले में अब तक सामने आए बयानों और आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान आने का इंतजार किया जा रहा है।