Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में पहली शिवा मोनोरेल परियोजना शुरू हो गई है। राजस्व एवं बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने गुरुवार को प्रदेश की पहली एचपी शिवा मोनोरेल परियोजना का उद्घााटन किया। मंडी जिला के एचपी शिवा क्लस्टर पलहोता-2 में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से एक किलोमीटर लंबाई की इस मोनोरेल परियोजना का निर्माण किया गया है। यह क्लस्टर 28.44 हेक्टेयर क्षेत्र में है और 85 किसान परिवार इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से दुर्गम एवं ढलानदार क्षेत्रों में उत्पादित फल एवं अन्य कृषि उपज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि मोनोरेल जैसी आधुनिक सुविधाएं हिमाचल प्रदेश में बागबानी के विकास को नई दिशा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि एशियाई विकास बैंक द्वारा वित्तपोषित 1292 करोड़ रुपए की एचपी शिवा परियोजना प्रदेश के सात जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर और ऊना में क्रियान्वित की जा रही है। परियोजना का मुख्य उद्देेश्य किसान परिवारों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी निर्णय लेते हुए एचपी शिवा परियोजना की अवधि को दो वर्ष बढ़ाकर जून, 2028 से जून, 2030 कर दिया गया है। इस अवसर पर निदेशक बागबानी सतीश शर्मा, अतिरिक्त निदेशक विद्या प्रकाश बैंस, उपनिदेशक जिला मंडी संजय गुप्ता, एचपी शिवा परियोजना निदेशक समीर सिंह राणा भी उपस्थित रहे। सभी क्लस्टरों का किसानों को हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए 28 फरवरी, 2027 की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई है।