डायल-112 की टेलीकॉलर का कोई अता-पता नहीं, मोबाइल फोन बरामद, हुआ था झगड़ा

मचा हड़कंप.

Update: 2025-09-20 12:16 GMT
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. डायल-112 में कार्यरत टेलीकॉलर 29 अगस्त से रहस्यमय तरीके से लापता है. पुलिस लगातार तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. मामला पुलिस के लिए एक बड़ी मिस्ट्री बन गया है.
जानकारी के मुताबिक, युवती उस रात अपने दोस्त के साथ स्कूटी से रिवर फ्रंट गई थी. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. सचिन ने पुलिस को बताया कि झगड़े के बाद उसने युवती का मोबाइल छीन लिया और घर लौट आया. इसके बाद से उसे युवती के बारे में कुछ पता नहीं है.
पुलिस ने इस मामले में युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जांच में सामने आया कि दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. जिस रात विवाद हुआ, उसमें किसी तीसरे शख्स का जिक्र सामने आया है, जो युवती का रिश्तेदार बताया जा रहा है. इसी को लेकर झगड़ा बढ़ा था.
लखनऊ से गाजीपुर तक गोमती नदी में कई बार सर्च ऑपरेशन चलाया गया. गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम ने भी नदी में घंटों तलाशी ली, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल पाया. लगातार प्रयासों के बावजूद पुलिस खाली हाथ है.
करीबी लोगों का कहना है कि युवती अपने परिवार को बिना बताए अचानक कहीं नहीं जा सकती. वहीं, पुलिस भी हर एंगल से जांच कर रही है. लेकिन 29 अगस्त की रात के बाद से युवती का रहस्यमय ढंग से गायब होना अब तक अनसुलझी पहेली बना हुआ है.
उत्तर प्रदेश में डायल–112 में कार्यरत टेलीकॉलर का काम जनता और पुलिस के बीच पहला संपर्क बिंदु बनने का होता है. टेलीकॉलर आपातकालीन कॉल्स जैसे अपराध, झगड़ा, दुर्घटना, महिला सुरक्षा या मेडिकल इमरजेंसी की कॉल रिसीव करते हैं. कॉल करने वाले से घटना की पूरी जानकारी लेकर उसे सिस्टम में दर्ज करते हैं और तुरंत नजदीकी पुलिस कंट्रोल रूम व PRV टीम को अलर्ट करते हैं. इसके साथ ही, वे कॉलर को ज़रूरी निर्देश देकर मदद आने तक गाइड करते हैं. हर कॉल का रिकॉर्ड और रिपोर्ट सुरक्षित रखना भी उनकी जिम्मेदारी होती है.
Tags:    

Similar News