Una. ऊना। ऊना स्थित देवभूमि अद्वैता हार्ट इंस्टीट्यूट एंड मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक हृदय उपचार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सफलतापूर्वक टीएवीआई प्रक्रिया संपन्न की गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह हिमाचल प्रदेश के निजी क्षेत्र में होने वाली दूसरी ऐसी प्रक्रिया है। अस्पताल के निदेशक डा. हरजिंदर सिंह एवं मोनिका सिंह ने बताया कि यह मरीज मूल रूप से पालमपुर क्षेत्र के वनविहार गांव का निवासी है। मरीज का परिवार पिछले लगभग छह महीनों से उनका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में करवा रहा था। मरीज के बेटे ने बताया कि वे कई महीनों से पीजीआई के चक्कर लगा रहे थे।
उन्होंने बताया कि किसी परिचित ने उन्हें देवभूमि अद्वैता अस्पताल के बारे में सुझाव दिया, जिसके बाद उनकी मुलाकात डा. ताहिर से हुई। डा. ताहिर ने अत्यंत सरल एवं संवेदनशील तरीके से पूरे उपचार और प्रक्रिया के बारे में समझाया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से चर्चा कर इस जटिल प्रक्रिया को नो प्रॉफिट, नो लॉस आधार पर करने का निर्णय लिया गया। मरीज के परिजनों ने डा. ताहिर एवं देवभूमि अस्पताल की पूरी टीम का विशेष धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल ने न केवल उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा प्रदान की, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दी। इस अवसर पर डॉ. ताहिर ने टीएवीआई प्रक्रिया की बारीकियों एवं इसकी गुणवत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।