Dalhousie. डलहौजी। समर सीजन सिमटने के बाद पर्यटन नगरी डलहौजी में पर्यटकों की आमद अब पहले के मुकाबले कम हो गई है। हालांकि वीकेंड पर पडोसी राज्य पंजाब से बडी संख्या में पर्यटक डलहौजी पहुंचे और सुहावने मानसूनी मौसम का भरपूर आनंद लिया। शनिवार और रविवार को गांधी चौक, सुभाष चौक, पंचपूला, खजियार सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अच्छी चहल-पहल देखने को मिली। बीच-बीच में हुई बारिश ने पर्यटकों की आवाजाही में कुछ देर के लिए खलल जरूर डाला, लेकिन इससे उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई। पर्यटकों ने धुंध, हरियाली और बारिश के बीच डलहौजी की प्राकृतिक सुंदरता का जमकर लुत्फ उठाया।
उधर, शहर के निजी स्कूलों में मानसून ब्रेक शुरू होने के चलते विद्यार्थियों को लेने पहुंचे अभिभावकों की आवाजाही से भी बाजारों और मुख्य चौकों में रौनक बनी रही। इससे सप्ताहांत के दौरान शहर में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल देखने को मिली। पर्यटन कारोबार से जुडे लोगों का कहना है कि समर सीजन की तुलना में अब पर्यटकों का ग्राफ लगातार नीचे आ रहा है और सप्ताह के अधिकांश दिनों में शहर अपेक्षाकृत शांत रहता है। ऐसे में होटल व्यवसायी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए मानसून स्पेशल पैकेज, रियायती दरों और अन्य आकर्षक सुविधाओं की पेशकश कर रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले वीकेंड और छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की संख्या में फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।