अपने काम के दम पर वोट मांगें कांग्रेस नेता

Update: 2024-05-01 04:54 GMT
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के आज तक के इतिहास की सबसे झूठी सरकार सुखविंदर सिंह सुक्खू की है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार में यदि हिम्मत है, तो अपने कामों के बूते पर जनता से वोट मांगे। कांग्रेस की सरकार ने डेढ़ साल में 25000 करोड़ रुपए का कर्ज हिमाचल प्रदेश की जनता पर चढ़ा दिया और काम के नाम पर कुछ नहीं किया। केंद्र की मोदी सरकार ने भारी भरकम राशियां आपदा राहत के लिए दीं, उनमें सरकार ने बंदर बांट करके जनता के पैसे का दुरुपयोग किया। अब केवल भाजपा को गाली देकर, कांग्रेस के पूर्व विधायकों को गाली देकर, पूर्व मुख्यमंत्री को गाली देकर ही वोट मांगे जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री की भाषा सडक़ छाप हो गई है, जिसमें वह जनप्रतिनिधियों को काले नाग बोलते हैं, भेड़ें बोलते हैं, मेंढक बोलते हैं और उनके मंत्री उनकी ही भाषा दोहरा रहे हैं। डा. बिंदल ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2022 के चुनाव के बाद बयान देकर 97 प्रतिशत हिंदू आबादी का अपमान किया और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी का एजेंडा सनातन को समाप्त करना है। कांग्रेस ने तय किया है कि ओबीसी आरक्षण का छह प्रतिशत मुस्लिम को दिया जाए और अल्पसंख्यकों को 15 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं, देश के लोगों पर वैल्थ टैक्स के नाम से अमेरिकी पैटर्न पर टैक्स लगाया जाएगा। बिंदल ने कहा कि चले हुए जो संस्थान कांग्रेस सरकार ने बंद किए हैं, उसके लिए पार्टी प्रदेश की जनता से मांफी मांगे।
Tags:    

Similar News