पाकिस्तान से हिमाचल में चिट्टा सप्लाई, चिट्टा नेटवर्क की जांच में बड़ा खुलासा
Shimla. शिमला। राजधानी में चिट्टा और आइस (मेथामफेटामाइन) की बरामदगी से शुरू हुई जांच ने अब एक ऐसे कथित सप्लायर तक पुलिस को पहुंचा दिया है, जिसके खिलाफ पहले पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी की कोशिश समेत कई गंभीर मामले दर्ज रहे हैं। शिमला पुलिस ने पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किए गए समर सिंह उर्फ टाइगर को इस नेटवर्क का प्रमुख सप्लायर बताया है। पुलिस के अनुसार, 29 मई को ढली चौक के समीप एक मकान में छापेमारी के दौरान 19 वर्षीय युवती और 20 वर्षीय युवक के कब्जे से करीब 65 ग्राम चिट्टा और 20 ग्राम आइस बरामद की गई थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस का कहना है कि समर के कब्जे से लगभग 131 ग्राम हेरोइन, 27 ग्राम आइस और 60,400 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले में कुल 196 ग्राम हेरोइन, 47 ग्राम आइस और 60,400 रुपए की नकदी बरामद हो चुकी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि ढली मामले की जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए पुलिस टीम ने एक महत्त्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इनमें फाजिल्का में तीन किलो 610 ग्राम हेरोइन और 200 ग्राम अफीम बरामदगी का मामला, जेल से संचालित कथित ड्रग नेटवर्क की ड्रग मनी को बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करने में सहयोग का मामला, फिरोजपुर में 100 ग्राम हेरोइन बरामदगी और मोहाली में हेरोइन, हथियार व कारतूस बरामदगी से जुड़ा मामला शामिल है।