Samastipur समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मथुरापुर थाना क्षेत्र के रामनगर सारी गांव में हुई इस घटना में उपद्रवियों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया।
हमले में कई पुलिस जवान घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और हालात को नियंत्रित करने के लिए सघन गश्त शुरू कर दी गई।
प्रशासन ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।