मौसम में बदलाव: बारिश के साथ तापमान में आएगी गिरावट, ऑरेंज अलर्ट पर विराम

Update: 2025-06-14 05:02 GMT
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और हीटवेव से अब राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी क्षेत्र में जारी ऑरेंज अलर्ट को अब समाप्त कर दिया गया है।
आने वाले एक हफ्ते तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून से लेकर 20 जून तक हर दिन हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी।
14 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नमी 65 प्रतिशत से 40 प्रतिशत के बीच रहेगी। 15 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री, न्यूनतम 28 डिग्री और ह्यूमिडिटी 70-45 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों में तेज बारिश और गरज के साथ तूफान की स्थिति भी बन रही है। 16 और 17 जून को आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। तापमान भी 37 और 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
18 और 19 जून को गरज के साथ बारिश या थंडरशॉवर की संभावना है। तापमान 37-38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री तक गिर सकता है। नमी 80-85 प्रतिशत तक दर्ज की जाएगी, जिससे मौसम काफी उमस भरा रहने की आशंका है। 20 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है। इस दिन भी बारिश या गरज के साथ छींटें पड़ सकते हैं।
इस दौरान कोई चेतावनी (वार्निंग) जारी नहीं की गई है, यानी स्थिति सामान्य लेकिन बदलती हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह के अंत तक मानसूनी हवाएं और अधिक सक्रिय हो सकती हैं जिससे तेज बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान में गिरावट का रुख बने रहने से आमजन को गर्मी से राहत मिलेगी।
Tags:    

Similar News