Shimla. शिमला। शिमला के नेरवा उपमंडल में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा ग्राम पंचायत पुजारली के अंतर्गत दोछी के पास किरी-नाव सड़क मार्ग पर उस समय हुआ, जब एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही थाना नेरूवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई में गिरी कार तक पहुंचने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में मृतकों की पहचान नरेश कुमार (35 वर्ष) पुत्र अनंत राम, निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है। नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग में मल्टीटास्क वर्कर के पद पर कार्यरत थे। दूसरे मृतक की पहचान जितेंद्र पुत्र धाजू राम, निवासी चाडचधार (धबास) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जाएगा, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना मृतकों के परिवारों को दे दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं, पुलिस थाना नेरवा की पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है और सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।